श्री रामचरितमानस नवाह्न पारायण पाठ में आज सजेगी अशोक वाटिका, होगा सुंदरकाण्ड पाठ

सूरत। श्री रामायण प्रचार समिति, सूरत द्वारा गोस्वामी तुलसीदास जी रचित श्री रामचरितमानस नवाह्न पारायण पाठ का 27वां आयोजन परवत पाटिया स्थित शुभम् हाइट्स-1 परिसर में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रतिदिन प्रातः 6 बजे शुभ पूजा के साथ शुरुआत होती है, वहीं सुबह 7 बजे से 10:30 बजे तक रामचरितमानस की चौपाइयों का संगीतमय सामूहिक गायन किया जाता है।
लगभग 200 श्रद्धालु भक्तों द्वारा सामूहिक रूप से की जा रही चौपाइयों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बन रहा है। भगवान श्रीराम की लीलाओं से जुड़े प्रसंगों का विशेष लयबद्ध गायन श्रद्धालुओं के मन को भाव-विभोर कर रहा है। अब तक छह दिनों में बालकाण्ड एवं अयोध्याकाण्ड का पाठ सम्पन्न हो चुका है।
आयोजन के तहत आज अरण्यकाण्ड, किष्किंधाकाण्ड एवं सुंदरकाण्ड का पाठ होगा, जिसमें अशोक वाटिका का विशेष प्रसंग प्रस्तुत किया जाएगा। गुरुवार को राम-रावण युद्ध का प्रसंग रहेगा, जबकि शुक्रवार को उत्तरकाण्ड के साथ नवाह्न पारायण पाठ का विश्राम होगा।
समिति द्वारा सभी श्रद्धालु भक्तों को इस भक्तिमय आयोजन में सपरिवार पधारने का सादर आमंत्रण दिया गया है। रामभक्ति से ओतप्रोत यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का संचार कर रहा है।



