विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्यों का सूरत में सम्मान

सूरत: विप्र फाउंडेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सूरत के तीन विप्र बंधुओं को शामिल किए जाने पर शहर के ब्राह्मण समाज में खुशी का माहौल है। पुष्कर में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में दिनेश शर्मा दाढ़ी, सज्जन महर्षि और विष्णु शर्मा (प्रधान) को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिला।
पुष्कर से सूरत आगमन के बाद मंगलवार को पर्वत पटिया स्थित आदिनाथ भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाजजनों ने तीनों का साफा व दुपट्टा पहनाकर भव्य स्वागत किया।
समारोह के मुख्य वक्ता पत्रकार महेश शर्मा ने विप्र फाउंडेशन के प्रारंभिक कार्यों, वर्तमान गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण बिंदु साझा किए। दिनेश शर्मा दाढ़ी और सज्जन महर्षि ने पुष्कर में संतों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
संघ से जुड़े नंदकिशोर शर्मा (नंदू जी) ने तीनों के साथ जुड़े अपने अनुभव साझा किए, वहीं विजय चौमाल ने पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल की समीक्षा करते हुए समाज के एकजुट होकर सेवा कार्यों में आगे बढ़ने का विश्वास जताया।
अंत में विजय चौमाल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजजनों के सहयोग और विश्वास ने उन्हें नई ऊर्जा प्रदान की है। कार्यक्रम में महेंद्र शर्मा प्रतिभा ने सभी को आशीर्वाद दिया।



