आंजणा-डुंभाल के उमरवाड़ा में अवैध कत्लखाना सील, गौमाता को कराया गया मुक्त

सूरत। सूरत के आंजणा-डुंभाल क्षेत्र के वार्ड नंबर-19 स्थित उमरवाड़ा इलाके में स्थानीय निवासियों की लगातार शिकायतों के बाद सूरत नगर निगम प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध कत्लखाने को सील कर दिया। पुलिस और नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में संयुक्त रूप से छापेमारी की गई, जिसमें परिसर में चल रही अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई गई।
स्थानीय लोगों ने लंबे समय से क्षेत्र में अवैध कसाई गतिविधियों, फैल रही गंदगी तथा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की शिकायत जनप्रतिनिधियों से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पार्षद विजय चौमाल एवं कॉर्पोरेटर नागरभाई पटेल ने नगर निगम (एसएमसी) के स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करवाई।
छापेमारी के दौरान परिसर से एक गौमाता भी बरामद हुई, जिसे अवैध रूप से वहां रखा गया था। अधिकारियों ने तुरंत गौमाता को मुक्त कर सुरक्षित गौशाला भेजने की व्यवस्था की। नगर निगम कर्मचारियों ने मौके पर पंचनामा तैयार कर कत्लखाने के मुख्य प्रवेश द्वारों को सील कर दिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में किसी भी प्रकार की अवैध कसाई गतिविधि या पशु क्रूरता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के बाद उमरवाड़ा क्षेत्र के निवासियों ने राहत व्यक्त करते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की



