सूरत सिटी

चेंबर द्वारा आयोजित SITEX एक्सपो में प्रदर्शकों को 1500 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर मिलने की संभावना

तीन दिनों में 26 हजार से अधिक खरीदारों एवं विजिटर्स ने किया दौरा

सूरत।
दि सदर्न गुजरात चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा सदर्न गुजरात चेंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “सिटेक्स एक्सपो” का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। टेक्सटाइल मशीनरी और आधुनिक तकनीक पर आधारित इस भव्य प्रदर्शनी ने उद्योग जगत में नए आयाम स्थापित किए हैं।
आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एक्सपो के दौरान देशभर से आए 26,000 से अधिक बायर्स और विजिटर्स ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शकों को मिले सकारात्मक व्यापारिक प्रतिसाद के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि आगामी तीन से चार महीनों में करीब 1500 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर प्राप्त हो सकते हैं।
चेंबर के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने प्रदर्शनी की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि एक्सपो को एक्सहिबिटर्स और उद्योग प्रतिनिधियों से अत्यंत उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। उनके अनुसार, सिटेक्स एक्सपो वास्तव में “सुपर हिट” साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी प्रदर्शकों ने देशभर से आए खरीदारों के सामने अपनी अत्याधुनिक टेक्सटाइल मशीनरी, नवीन तकनीक और उत्पादन समाधान का प्रभावी प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी के दौरान आयोजित बी2बी मीटिंग्स, नेटवर्किंग सेशन और लाइव डेमो के माध्यम से बड़ी संख्या में ऑन-द-स्पॉट बिजनेस इंक्वायरी उत्पन्न हुईं, जिससे उद्योग जगत में नए व्यापारिक अवसरों के द्वार खुले हैं।
आयोजकों के अनुसार, सिटेक्स एक्सपो केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी इसने विशेष आकर्षण पैदा किया। देश के विभिन्न राज्यों से टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े उद्यमी, निर्माता, मशीनरी सप्लायर और निवेशकों ने भाग लेकर सूरत की टेक्सटाइल क्षमता को करीब से जाना।
चेंबर ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजनों से सूरत टेक्सटाइल उद्योग को नई गति मिलेगी और शहर देश के प्रमुख टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी हब के रूप में और मजबूत पहचान बनाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button