राजनीति

16 मार्च को होगा मतदान

10 राज्यों की 37 सीटों पर राज्यसभा चुनाव की घोषणा

नई दिल्ली, 18 फरवरी। देश के 10 राज्यों में राज्यसभा की कुल 37 सीटें खाली हो रही हैं, जिनके लिए चुनाव आयोग ने द्विवार्षिक चुनाव की तारीख घोषित कर दी है। इन सीटों पर मतदान 16 मार्च को कराया जाएगा। जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें पूर्व रक्षा मंत्री शरद पवार, उपेन्द्र कुशवाहा और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश सिंह शामिल हैं।
महाराष्ट्र में सबसे अधिक सात सीटें खाली हो रही हैं। इसके बाद तमिलनाडु से छह और पश्चिम बंगाल से पांच सीटों पर चुनाव होगा। इसके अलावा बिहार से पांच, ओडिशा से चार, असम से तीन, छत्तीसगढ़, हरियाणा और तेलंगाना से दो-दो तथा हिमाचल प्रदेश से एक सीट के लिए चुनाव कराया जाएगा।
बिहार से उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह के साथ उपेन्द्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर, अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। वहीं महाराष्ट्र से शरद पवार, प्रियांका चतुर्वेदी, भागवत कराड, डॉ. फौजिया खान, धैर्यशील पाटिल, रजनी पाटिल और रामदास आठवले की सीटें खाली होंगी।
ओडिशा से ममता मोहंता, मुजीबुल्ला खान, सुजीत कुमार और निरंजन बिशी; पश्चिम बंगाल से ऋताब्रत बनर्जी, विकास रंजन भट्टाचार्य, सुब्रत बक्शी और मौसाम नूर; तमिलनाडु से एन.आर. एलांगो, पी. सेल्वारसु, एम. थंबीदुरई, तिरुचि शिवा, कनिमोझी और जी.के. वासन का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
असम से रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता और अजीत कुमार भूयां; छत्तीसगढ़ से तेजपाल सिंह तुलसी और फुलो देवी नेताम; तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी और के.आर. सुरेश रेड्डी; हिमाचल प्रदेश से इंदु बाला गोस्वामी तथा हरियाणा से किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा की सीटें भी खाली हो रही हैं।
चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button