होली-धुलेटी और छुट्टियों से पहले पश्चिम रेलवे का बड़ा फैसला, 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े
सूरत। होली-धुलेटी और आगामी छुट्टियों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने बड़ा निर्णय लेते हुए विभिन्न मार्गों पर चल रही 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों को बढ़ाने की घोषणा की है। इस फैसले से मुंबई, सूरत, भावनगर और अन्य प्रमुख रूटों पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।
पश्चिम रेलवे के अनुसार, खासतौर पर भावनगर मंडल के अंतर्गत आने वाले स्थानीय रूटों पर चलने वाली ट्रेनों की अवधि बढ़ाई गई है। इसके तहत गांधीग्राम–बोटाद–गांधीग्राम दैनिक स्पेशल (09211/09212) और धोला–भावनगर–धोला दैनिक स्पेशल (09529/09530) ट्रेनों का संचालन, जो पहले 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित था, अब बढ़ाकर 31 मार्च 2026 तक कर दिया गया है। ये दोनों ट्रेनें जनरल श्रेणी में चलेंगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा मुंबई, सूरत और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ने वाली लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों के फेरों में भी विस्तार किया गया है। इनमें बांद्रा टर्मिनस–भिवानी सुपरफास्ट, मुंबई सेंट्रल–इंदौर तेजस स्पेशल, सूरत–मेंगलुरु स्पेशल और दादर–भुसावल स्पेशल जैसी ट्रेनों को शामिल किया गया है, जो मार्च 2026 के अंतिम सप्ताह तक अपने निर्धारित रूट पर अलग-अलग तिथियों में चलती रहेंगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन सभी विस्तारित स्पेशल ट्रेनों के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई है। यात्री रेलवे के सभी पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से आरक्षण कर सकते हैं। ये ट्रेनें स्पेशल किराए के साथ चलाई जाएंगी और समय-सारिणी, स्टॉपेज व कोच संरचना की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।



