
सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन की 213वीं मासिक समस्या समाधान बैठक सम्पन्न
सूरत। सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन (SMA) की 213वीं नियमित मासिक समस्या समाधान बैठक का आयोजन रविवार, 22 फरवरी 2026 को प्रातः 9:30 से 10:30 बजे तक माहेश्वरी भवन, चौथा माला, वेंकट हॉल, सिटी लाइट परिसर में किया गया। बैठक का संचालन एसएमए प्रमुख नरेंद्र साबू के नेतृत्व में पंच पैनल एवं कोर कमेटी टीम की अगुवाई में सम्पन्न हुआ।
बैठक में लगभग 90 व्यापारी भाइयों की सादर उपस्थिति रही। इस दौरान समस्या समाधान हेतु प्राप्त 11 आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई, जिनमें से एक आवेदन का समाधान तत्काल आपसी संवाद से कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को आगे की कार्यवाही हेतु पंच पैनल एवं लीगल टीम को सौंप दिया गया है, जिनका समाधान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
संगठन के अध्यक्ष नरेंद्र साबू ने गत 1 फरवरी की बैठक में हल किए गए एक महत्वपूर्ण प्रकरण की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पुणे की एक महिला व्यापारी से जुड़े 22 लाख रुपये के माल के गलत डिस्पैच मामले का सफल समाधान कराया गया। एसोसिएशन की मध्यस्थता से महिला व्यापारी को 11 लाख रुपये नगद तथा शेष 11 लाख रुपये का माल बदली करवा कर दिया गया।
बैठक का मुख्य विषय टेक्सटाइल उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग पर केंद्रित रहा। अध्यक्ष नरेंद्र साबू ने कहा कि आने वाले समय में टेक्सटाइल उद्योग को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए एआई तकनीक को अपनाना आवश्यक है। एआई के माध्यम से डिज़ाइन, उत्पादन, गुणवत्ता सुधार एवं ग्राहक आधारित कस्टमाइजेशन में तेजी आएगी, जिससे सूरत का टेक्सटाइल उद्योग वैश्विक बाजार में और सशक्त बनेगा। उन्होंने बताया कि संगठन भविष्य में एआई विषय पर नियमित सेमिनार आयोजित कर व्यापारियों को नई तकनीकों एवं उपयोगी एप्लीकेशनों की जानकारी उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर सूरत शहर के दो CMA इंटरमीडिएट विद्यार्थियों — सुश्री अदिति मुंद्रा (ऑल इंडिया रैंक 24) एवं श्याम सुंदर लाहोटी (ऑल इंडिया रैंक 40) — का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सेमिनार अतिथि के रूप में शहर के प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अंकित मुंद्रा उपस्थित रहे। उन्होंने व्यापारियों को संबोधित करते हुए बताया कि बढ़ते तनाव के कारण न्यूरोलॉजिकल समस्याएं बढ़ रही हैं, जिनसे संतुलित जीवनशैली, सही खान-पान एवं नियमित दिनचर्या अपनाकर बचा जा सकता है।
बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में स्वादिष्ट अल्पाहार के साथ हुआ। कार्यक्रम में महेश पाटोदिया, दुर्गेश टिबडेवाल, मनोज अग्रवाल, रामकिशोर बजाज, राजेश गुरनानी, रामरतन वोहरा, प्रीतम भाई, रमेश नंदवानी, अभय राठी, कमलेश जैन सहित एसएमए परिवार के अनेक सदस्यों की उपस्थिति रही




