
सूरत शहर के उमरवाड़ा क्षेत्र स्थित कपड़ा बाजार की पहचान मानी जाने वाली बॉम्बे मार्केट में देर रात आग लगने की घटना से भारी अफरातफरी मच गई। आग की शुरुआत मार्केट के कॉमन मीटर बॉक्स से हुई, जो देखते ही देखते पास की एक दुकान तक फैल गई और लाखों का नुकसान हो गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात मार्केट की दो विंग के कॉमन मीटर बॉक्स में अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों से लगी इस आग ने पास ही स्थित “श्री नागणेचिया टेक्सटाइल” नाम की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में सूट, शेरवानी और कुर्तों का बड़ा स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सूरत फायर विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुणा फायर स्टेशन के अधिकारी दिनू पटेल के अनुसार, तीन फायर स्टेशनों से 7 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं। भारी धुएं और आग के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आईं, लेकिन करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग सीधे एक दुकान में लगी, जबकि धुआं आसपास की दुकानों में भी फैल गया, जिससे वहां रखा माल भी प्रभावित हुआ। दुकान मालिक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मीटर बॉक्स से लगी आग उनकी दुकान तक पहुंच गई और अंदर रखा रेडीमेड सूट, शेरवानी और महंगा कपड़ा जलकर राख हो गया। इस घटना में उन्हें करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि शादी के सीजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया पूरा स्टॉक आग में नष्ट हो गया। हालांकि घटना देर रात होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। आसपास की दुकानों में धुआं फैलने से वहां भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।



