Textileसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

स्वतंत्रता दिवस पर श्री आदिनाथ दिगंबर जैन युवा मंडल लगाएगा मेगा रक्तदान शिविर

बारिश से जनित बीमारियों के बीच अस्पतालों में रक्त की कमी, अधिक से अधिक नागरिकों से रक्तदान की अपील

सूरत। श्री आदिनाथ दिगंबर जैन युवा मंडल, सूरत की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह सेवा शिविर श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर भवन, पर्वत पाटिया, सूरत में राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ आयोजित होगा।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियों के चलते अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे समय में अस्पतालों में रक्त की आवश्यकता भी बढ़ गई है और रक्त की कमी महसूस हो रही है। इसे देखते हुए युवा मंडल ने स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संकल्प लिया है।

संस्था ने शहरवासियों से अपील की कि रक्तदान केवल सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम है। इसलिए स्वस्थ एवं पात्र नागरिक अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें और इस राष्ट्रसेवा के कार्य में सहभागी बनें।

हर वर्ष की तरह इस बार भी शिविर के मुख्य पूर्णायोजक श्री लक्ष्मीनारायणजी एवं श्री संजय कुमारजी काला (ढोड वाले) परिवार रहेंगे। युवा मंडल द्वारा सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में संस्था की ओर से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था, जो पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

संस्था ने स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित मेगा रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए समाज एवं शहर के सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button