महिला सशक्तिकरण के साथ सामाजिक सेवा का बना माध्यम, देशभर के शहरों से पहुंचे व्यापारी
सावन संगिनी मेले में उमड़ा उत्साह, 95 स्टॉल पर महिलाओं की रचनात्मकता और कारोबार का संगम

सूरत। श्री माहेश्वरी महिला मंडल, सूरत द्वारा सिटीलाइट स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित दो दिवसीय ‘सावन संगिनी मेला’ का शुभारंभ बुधवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। मेले का उद्घाटन मंडल की संस्थापक अध्यक्षा विमला साबू, सूरत जल विभाग की अध्यक्ष रश्मि साबू, जिला अध्यक्षा प्रतिभा मौलासरिया एवं निवर्तमान अध्यक्षा सरिता दरगड़ के करकमलों द्वारा किया गया।
मंडल की अध्यक्षा जयश्री भराड़िया ने बताया कि मेले में मुंबई, कोलकाता, जयपुर, अहमदाबाद, भावनगर और जोधपुर सहित विभिन्न शहरों से आए व्यापारियों द्वारा करीब 95 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर डिजाइनर राखियां, आर्टिफिशियल व रियल ज्वेलरी, साड़ियां, सूट, चादरें, होम डेकोर, गिफ्ट आइटम, तोरण सहित अनेक आकर्षक एवं उपयोगी वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है।
मंडल की सचिव प्रीति मालु ने बताया कि महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आर्थिक रूप से जरूरतमंद महिलाओं को कुछ स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे अपने हुनर को मंच देकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।
उन्होंने बताया कि मेले से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग समाज के जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा में सहयोग तथा विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों में किया जाएगा। मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में महिलाओं एवं शहरवासियों ने पहुंचकर खरीदारी की और आयोजन की सराहना की। दो दिवसीय यह मेला महिलाओं के लिए खरीदारी, स्वरोजगार और सामाजिक सेवा का अनूठा संगम बन गया।



