businessTextileसूरत सिटी

रथयात्रा, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक होंगे प्राथमिकता, अनुपम सिंह गहलोत ने संभाला अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर का कार्यभार

डीजीपी जी.एस. मलिक ने सौंपा चार्ज, नागरिक हित और बेहतर पुलिसिंग का दिया भरोसा

अहमदाबाद। सूरत के पुलिस कमिश्नर के पद से स्थानांतरित हुए आईपीएस अधिकारी अनुपम सिंह गहलोत ने रविवार को अहमदाबाद के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। राज्य के डीजीपी जी. एस. मलिक ने उन्हें पदभार सौंपा। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

कार्यभार संभालने के बाद पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने कहा कि अहमदाबाद राज्य का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण शहर है तथा पुलिस का पहला उद्देश्य आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति नागरिकों को परेशान करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे शिकायत दर्ज हुई हो या नहीं। वहीं यदि किसी पुलिसकर्मी का व्यवहार आमजन के प्रति अनुचित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अहमदाबाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी और तत्काल चुनौती आगामी रथयात्रा का शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन है। इसके अलावा शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और तेजी से बढ़ते ट्रैफिक का प्रभावी प्रबंधन भी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में अहमदाबाद में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ सहित अन्य खेल आयोजनों को देखते हुए ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

अनुपम सिंह गहलोत वर्ष 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। उन्होंने बी.ई. तथा एम.टेक. तक की उच्च शिक्षा प्राप्त की है। अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव के दौरान वे भावनगर और पाटन के पुलिस अधीक्षक, राजकोट और वडोदरा के पुलिस कमिश्नर तथा राज्य इंटेलिजेंस ब्यूरो (एसआईबी) में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर नियुक्त होने से पहले वे सूरत के पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यरत थे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button