महावीर इंटरनेशनल ने 500 जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री

सूरत। महावीर इंटरनेशनल मुख्य शाखा, सूरत द्वारा 52वें स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को नगर प्राथमिक शाला क्रमांक-400, गोडादरा में शिक्षा सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 500 आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को नोटबुक, स्टेशनरी किट, खेल सामग्री, दरी, आसन पट्टी, कुर्सियां सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही विद्यार्थियों को अल्पाहार भी कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर शाखा के चेयरमैन वीर सीए दिनेश जैन, सचिव वीर नरेश लालवानी, वाइस चेयरमैन वीर आकाश माद्रेचा, वाइस चेयरपर्सन वीरा सुषमा जैन सहित शाखा के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल के सदस्यों ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शाखा पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होता है, इसलिए संस्था सेवा और शिक्षा के ऐसे कार्यों को निरंतर आगे भी जारी रखेगी।




