
सूरत।सूरत के सारोली क्षेत्र के कपड़ा व्यापारी के साथ 11.34 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सारोली पुलिस ने तेलंगाना के मलकागिरी से गिरफ्तार किया है। मामले में “रिधम क्रिएशन” के प्रोपराइटर अंकित रमेश कोठारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि “सौभाग्य लक्ष्मी गारमेंट” के संचालकों बसबाथिनी अखिला, बसबाथिनी अशोककुमार तथा दलाल किरण प्रजापति ने आपसी मिलीभगत से उनसे संपर्क कर व्यापार शुरू किया और मीठी-मीठी बातों में लेकर विश्वास हासिल किया। आरोपियों ने 13 अप्रैल 2023 से 24 सितंबर 2024 के बीच अलग-अलग बिलों के जरिए कुल 11,34,435 रुपये कीमत की फिनिश साड़ियों का माल मंगवाया, लेकिन एक भी रुपया भुगतान नहीं किया और दुकान बंद कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सारोली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(5) और 54 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत के निर्देश पर पीआई एस.आर. वेकरिया के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और ह्यूमन सोर्स की मदद से आरोपी अशोककुमार बसबाथिनी को उड़ीसा के मलकागिरी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से तेलंगाना के पेडपल्ली जिले का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की कार्यप्रणाली पहले व्यापारियों का विश्वास जीतना, शुरुआती भुगतान समय पर करना और बाद में बड़े पैमाने पर माल उठाकर भुगतान किए बिना फरार हो जाना था। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



