वेसू की विधवा के पति की बीमा राशि 76.94 लाख हड़पने का आरोप, ससुराल पक्ष के सात लोगों पर मामला दर्ज
सूरत। वेसू क्षेत्र में रहने वाली एक 39 वर्षीय विधवा महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर पति की मृत्यु के बाद मिली बीमा राशि 76.94 लाख रुपये हड़पने, साझेदारी फर्म का हिसाब नहीं देने और डुमस स्थित फ्लैट पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। डुमस पुलिस ने शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के सात सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डुमस पुलिस के अनुसार वेसू स्थित व्हाइट लोट्स स्कूल के सामने रॉयल रिजेंसी में रहने वाली ट्विंकल सोनू नरेशकुमार अग्रवाल (39) ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने ससुर नरेश श्रीकृष्ण अग्रवाल, सास सरोज नरेश अग्रवाल, जेठ नवीन नरेश अग्रवाल, देवर मोनू नरेश अग्रवाल, हर्षा नवीन अग्रवाल, नेहा मोनू अग्रवाल तथा गंगटोक (सिक्किम) निवासी साझेदारी फर्म के भागीदार पिंकी कैलाश अग्रवाल को आरोपी बनाया है।
शिकायत के मुताबिक ट्विंकलबेन के पति सोनू अग्रवाल के निधन के बाद उनकी बीमा पॉलिसी की कुल 76,94,300 रुपये की राशि ट्विंकलबेन के बैंक खातों में जमा हुई थी। इसमें एचडीएफसी बैंक खाते में 72.50 लाख रुपये और कोटक महिंद्रा बैंक, कोलकाता खाते में 4.44 लाख रुपये जमा हुए थे।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के सदस्यों ने आपसी मिलीभगत से यह कहकर पूरी राशि फर्म के व्यवसाय में निवेश कराने की बात कही कि इससे परिवार का कारोबार मजबूत होगा। इसके बाद पहले से लिए गए हस्ताक्षरित चेकों के जरिए पूरी रकम निकाल ली गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि पલसाणा के भटेश्वर गांव स्थित राजहंस टेक्सपा इंडस्ट्रियल एस्टेट में संचालित के.एन. निटिंग इंडस्ट्रीज नामक साझेदारी फर्म में ट्विंकलबेन का 25 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद पिछले पांच वर्षों से उन्हें न तो कोई मुनाफा दिया गया और न ही लाभ-हानि का कोई हिसाब दिया गया। जब भी उन्होंने हिसाब मांगा तो फर्म को नुकसान में चलने का हवाला देकर बात टाल दी गई।
ट्विंकलबेन ने आरोप लगाया कि उनके नाम का एचडीएफसी बैंक खाता भी बंद करवा दिया गया, जबकि कोटक महिंद्रा बैंक खाते में आरोपी मोनू अग्रवाल ने अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर करवा कर यूपीआई और अन्य ट्रांजेक्शन शुरू कर दिए थे। इस प्रकार उनकी जानकारी के बिना खातों का उपयोग कर रकम का दुरुपयोग किया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके पति आशुतोष फैबटेक्स प्रा. लि. कंपनी में डायरेक्टर थे, लेकिन पति के कानूनी वारिस होने के बावजूद उन्हें कंपनी की आय या हिस्सेदारी का कोई अधिकार नहीं दिया गया। इसके अलावा डुमस के सायलेंट जोन क्षेत्र स्थित अवध कॉपरस्टोन में उनके नाम पर मौजूद फ्लैट को भी कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से हड़प लिया गया।
डुमस पुलिस ने ट्विंकल अग्रवाल की शिकायत के आधार पर सातों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



