businessक्राइमसूरत सिटी

सूरत पुलिस का ‘ऑपरेशन ट्रैप’ सफल: 100 दिनों में 243 खूंखार फरार अपराधी गिरफ्तार

हत्या, लूट, दुष्कर्म, एनडीपीएस और ठगी जैसे गंभीर मामलों के वांछित आरोपी दबोचे; 2.55 लाख रुपये के इनामी बदमाश भी गिरफ्त में

सूरत। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सूरत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत के निर्देश और क्राइम ब्रांच के मार्गदर्शन में 1 मार्च 2026 से 10 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन ट्रैप” के तहत 100 दिनों में कुल 243 फरार, वांछित और पैरोल जंप करने वाले खूंखार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

इस विशेष अभियान में स्थानीय पुलिस थानों के अलावा डीसीबी, एसओजी, पीसीबी और विभिन्न जोन एलसीबी की टीमों ने दिन-रात मेहनत कर अलग-अलग राज्यों में छापेमारी करते हुए अपराधियों को दबोचा। पुलिस ने पुराने मामलों की फाइलों का गहन अध्ययन किया और टेक्निकल सर्विलांस तथा ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की सटीक लोकेशन का पता लगाया।

सूरत पुलिस की टीमों ने देश के विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। कई मामलों में पुलिसकर्मियों ने वेश बदलकर भी कार्रवाई की और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए 243 आरोपियों में 18 हत्या, 7 हत्या के प्रयास, 12 लूट, 2 डकैती, 4 रंगदारी, 23 एनडीपीएस, 13 दुष्कर्म एवं पॉक्सो तथा 75 ठगी के मामलों में वांछित आरोपी शामिल हैं।

इसके अलावा, गिरफ्तार अपराधियों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मोरबी, भावनगर और सूरत से जुड़े ऐसे 7 कुख्यात इनामी बदमाश भी शामिल हैं, जिन पर कुल 2 लाख 55 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

सूरत पुलिस की इस अभूतपूर्व कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम नागरिकों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रखकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button