सूरत में 14 से 28 जून तक मनाया जाएगा भव्य महेश नवमी महोत्सव

सूरत। सूरत जिला माहेश्वरी सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक सभा अध्यक्ष पवन बजाज एवं सचिव अतिन बाहेती के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी (23 जून) को सूरत में भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से सुनील बाहेती एवं सतीश कोठारी को महेश नवमी महोत्सव 2026 का मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया। सभा के मीडिया प्रभारी महेश पुंगलिया एवं सुनील माहेश्वरी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के अंतर्गत 14 जून से 28 जून तक विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के साथ समाज सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में सूरत की विभिन्न क्षेत्रीय सभाओं एवं माहेश्वरी समाज की संस्थाओं के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महोत्सव को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव एवं सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर रामसहाय सोनी, मुरलीधर लाहोटी, नारायण प्रसाद पेड़ीवाल, टीकमचंद असावा, विजयराज चांडक, विष्णु प्रसाद राठी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभा पदाधिकारियों ने कहा कि महेश नवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि माहेश्वरी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस वर्ष महोत्सव को अधिक व्यापक, भव्य और जनहितकारी स्वरूप देने का संकल्प लिया गया है, ताकि समाज के सभी परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने बताया कि महेश नवमी महोत्सव 2026 के माध्यम से सामाजिक समरसता, सेवा, संस्कार और संगठन की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा। महोत्सव के विविध कार्यक्रमों को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।



