
:सूरत: सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) द्वारा आगामी ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो 2026 के मद्देनज़र ‘एग्ज़िबिटर ग्रोथ समिट’ का आयोजन किया गया।समिट का उद्देश्य एक्सपो में भाग लेने वाले उद्यमियों और प्रदर्शकों को वैश्विक बाजार में व्यवसाय विस्तार, उत्पाद प्रस्तुति और प्रदर्शनी से अधिकतम व्यावसायिक लाभ प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ डिजिटल इंडिया की थीम के अनुरूप डिजिटल तिलक एवं डिजिटल दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर SGCCI के अध्यक्ष अशोकभाई जीरावाला ने कहा कि सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को अब केवल घरेलू बाजार तक सीमित न रहकर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करनी होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दक्षिण गुजरात अगले पांच वर्षों में 10 करोड़ मीटर कपड़ा उत्पादन की क्षमता हासिल करेगा। इसके लिए उद्योगों को केवल उत्पादन बढ़ाने के बजाय वैल्यू एडिशन, प्रोसेसिंग और डिजिटलीकरण पर विशेष ध्यान देना होगा।
SGCCI के ऑल एग्ज़िबिशन चेयरमैन मनीषभाई कपाड़िया ने कहा कि इस समिट का उद्देश्य प्रदर्शकों को यह समझाना है कि वे अपने उत्पादों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर संभावित ग्राहकों को कैसे आकर्षित कर सकते हैं।




