
सूरत। रिंग रोड स्थित महालक्ष्मी टेक्सटाइल मार्केट में साड़ी का कारोबार करने वाले एक व्यापारी के साथ 15.34 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गोडादरा स्थित एक व्यापारी ने साड़ी का माल खरीदने के बाद भुगतान नहीं किया और उधारी मांगने पर अपनी पत्नी के माध्यम से झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर संपर्क तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार खोडियार चार रास्ता स्थित सालासर रेजिडेंसी निवासी शंकरसिंह रतनसिंह दसाना महालक्ष्मी टेक्सटाइल मार्केट की दुकान नंबर 2061-62 में भगवती क्रिएशन नाम से साड़ी का व्यापार करते हैं। उनका एक गोदाम भी गोडादरा क्षेत्र में स्थित है।
गोडादरा के लक्ष्मीनारायण नगर सोसायटी निवासी कालुदास सोहनदास वैष्णव, जो पलक फैशन नाम से कारोबार करता है, ने पहले नियमित भुगतान कर विश्वास हासिल किया। इसके बाद 9 जनवरी 2025 से 24 जनवरी 2025 के बीच उसने 15,34,573 रुपये मूल्य की साड़ियों का माल खरीदा। बाद में बाजार में मंदी का हवाला देकर दो माह की मोहलत मांगी।
समय बीतने पर कालुदास ने केवल 2 लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में जमा कराने पर बाउंस हो गया। इसके बाद जब शंकरसिंह दसाना भुगतान की मांग करने उसके घर पहुंचे, तो आरोप है कि कालुदास ने अपनी पत्नी के जरिए उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दिलवाई। इसके बाद उसने फोन उठाना और संपर्क रखना भी बंद कर दिया।
आखिरकार व्यापारी शंकरसिंह दसाना ने गोडादरा पुलिस थाने में कालुदास वैष्णव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच पीएसआई एस.आर. राणा कर रहे हैं।



