माहेश्वरी प्रगति मंडल, सूरत ने आयोजित की शीतल शरबत सेवा,
8 हजार से अधिक लोगों ने लिया लाभ

सूरत। पवित्र पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) एवं ज्येष्ठ मास के अवसर पर माहेश्वरी प्रगति मंडल, सूरत द्वारा बुधवार को मानव सेवा के उद्देश्य से आरकेटीएम (राधा कृष्णा टेक्सटाइल मार्केट) ग्राउंड में भव्य शीतल गुलाब शरबत सेवा का आयोजन किया गया।
“नर सेवा ही नारायण सेवा” के पावन भाव के साथ आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक राहगीरों, व्यापारियों एवं जरूरतमंद लोगों को शीतल गुलाब शरबत वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य में लगभग 8,000 गिलास शरबत का वितरण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने राहत प्राप्त की।
कार्यक्रम में मंडल के सभी पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों एवं अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा का लाभ लिया। सेवा कार्य के दौरान समाज के अग्रणी बंधुओं तथा आरकेटीएम मेंटेनेंस कमेटी के सदस्यों ने भी मंडल की इस जनहितकारी पहल की सराहना की और इसे प्रेरणादायी बताया।
माहेश्वरी प्रगति मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि समाजहित एवं जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। मंडल का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता करते हुए सेवा और सद्भावना के संस्कारों को आगे बढ़ाना है।




