
अहमदाबाद। मस्कती कपड़ा मार्केट महाजन द्वारा गांधीनगर हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित फेबेक्सा-11 (FABEXA-11) का चार दिवसीय आयोजन 1 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रदर्शनी के दौरान देशभर से आए खरीदारों और व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी के चलते करीब दो करोड़ मीटर कपड़े की बिक्री दर्ज की गई, जिससे प्रदर्शकों और व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रदर्शनी के दौरान गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने विभिन्न स्टॉलों का दौरा कर नई कॉटन एवं ब्लेंडेड फैब्रिक की श्रृंखलाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मस्कती कपड़ा मार्केट महाजन के प्रयासों की सराहना करते हुए टेक्सटाइल उद्योग के विकास के लिए सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही महाजन के 121वें वर्ष में प्रवेश पर शुभकामनाएं भी दीं।
मस्कती कपड़ा मार्केट महाजन के अध्यक्ष गौरांग भगत ने बताया कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद प्रदर्शनी को अपेक्षा से बेहतर प्रतिसाद मिला। चार दिनों में लगभग 5,500 आगंतुकों ने प्रदर्शनी का दौरा किया। देशभर के गारमेंट निर्माताओं, ब्रांड्स, थोक व्यापारियों और खरीदारों ने आगामी विंटर, समर तथा दिवाली, ईद और पोंगल जैसे त्योहारों की मांग को ध्यान में रखते हुए बड़े पैमाने पर खरीदारी की। प्रदर्शनी में भाग लेने वाले अधिकांश प्रदर्शकों को 50 प्रतिशत से अधिक अतिरिक्त व्यवसाय प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि फेबेक्सा-11 देशभर के उत्पादकों, व्यापारियों, थोक विक्रेताओं और खरीदारों के लिए फैब्रिक, टेक्सटाइल नवाचारों और व्यापारिक अवसरों का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है। यह आयोजन टेक्सटाइल उद्योग के विकास और नए व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
देशभर से आए गारमेंट निर्माताओं, ब्रांड्स और खरीदारों की भारी उपस्थिति के कारण फेबेक्सा-11 ने टेक्सटाइल उद्योग के एक प्रतिष्ठित बिजनेस प्लेटफॉर्म के रूप में अपनी पहचान और मजबूत की है। विशेष रूप से इस वर्ष पर्यावरण-अनुकूल रीसायकल फैब्रिक्स, बांस (बैंबू) फैब्रिक्स, ऑर्गेनिक एवं सस्टेनेबल फैब्रिक्स प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण रहे।
आत्मनिर्भर भारत के विजन को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शकों ने आगामी सीजन और विवाह समारोहों के साथ-साथ वर्ष 2026-27 के प्रमुख त्योहारों के लिए नए कलेक्शन और फैब्रिक रेंज प्रस्तुत की, जिन्हें खरीदारों से अच्छा प्रतिसाद मिला।



