एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत माहेश्वरी महिला संगठन ने किया वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, पूना पुलिस स्टेशन परिसर में लगाए औषधीय पौधे

सूरत। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर सूरत जिला माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कैलाश संभाग के अंतर्गत पूना पुलिस स्टेशन परिसर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में संगठन की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और तुलसी, गिलोय, मीठा नीम तथा पत्थरचट्टा सहित विभिन्न औषधीय एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने केवल पौधे लगाने तक ही स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुंदर और हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
संगठन की जिलाध्यक्ष प्रतिभा मोलसरिया ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में चंचल बचानी, रेखा मंत्री, रामकन्या मोदानी एवं सीमा राठी का विशेष योगदान रहा। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।



