businessTextileसूरत सिटी

प्रीमियर नरेंद्र मोदी का संदेश बना व्यापार महोत्सव-2026 की सबसे बड़ी ताकत

भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक होगा देश का सबसे बड़ा व्यापारिक आयोजन, व्यापारियों से भागीदारी की अपील

सूरत। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त, 2026 तक आयोजित होने जा रहे “भारतीय व्यापार महोत्सव-2026” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना शुभकामना संदेश भेजते हुए देशभर के व्यापारियों, उद्यमियों, निवेशकों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों को बधाई दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महोत्सव भारत के व्यापार, उद्योग, निर्यात और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।

CAIT (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं टेक्सटाइल एवं गारमेंट समिति के राष्ट्रीय चेयरमैन चम्पालाल बोथरा ने बताया कि इंडियन ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) और CAIT के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव देश के व्यापारिक इतिहास का सबसे बड़ा बहु-क्षेत्रीय व्यापार आयोजन बनने जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में व्यापारियों, उद्यमियों और उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। व्यापारिक समुदाय ने नए बाजार विकसित करने, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में व्यापार और उद्यमशीलता की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम गतिशक्ति, राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति, व्यापार सुगमता सुधार, कारोबारी प्रक्रियाओं के सरलीकरण और डिजिटल तकनीकों के व्यापक उपयोग से देश में व्यापार के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। इससे लॉजिस्टिक्स लागत कम हुई है, परिवहन व्यवस्था अधिक सक्षम बनी है और कारोबार अधिक पारदर्शी एवं सरल हुआ है।

उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से भारतीय निर्यातकों और व्यापारियों के लिए नए अवसर खुले हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ अभियान के माध्यम से भारतीय उत्पाद वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। अब समय है कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पाद गुणवत्ता, नवाचार, ब्रांडिंग और मूल्य संवर्धन के आधार पर विश्व बाजार में अपनी अलग पहचान स्थापित करें।

चम्पालाल बोथरा ने बताया कि महोत्सव का भव्य उद्घाटन 12 अगस्त को सुबह 11 बजे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। आयोजन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, CAIT की सलाहकार स्मृति ईरानी तथा सांसद एवं CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में 1,000 से अधिक स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल, 2 लाख से अधिक व्यापारियों की भागीदारी, 10 लाख से अधिक आगंतुक, 40 से अधिक देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल, 40 से अधिक हाई कमिश्नर, 20 से अधिक केंद्रीय मंत्री, 25 से 30 मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री, 100 से अधिक महिला उद्यमियों के लिए विशेष डोम, 325 से अधिक निवेशकों की भागीदारी वाला स्टार्टअप सेमिनार, प्रतिदिन बिजनेस सेमिनार, बी-टू-बी नेटवर्किंग, निर्यात एवं निवेश के अवसर तथा विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों का विशेष फूड ज़ोन प्रमुख आकर्षण होंगे।

चम्पालाल बोथरा ने देशभर के व्यापारियों, विशेषकर टेक्सटाइल एवं गारमेंट उद्योग, एमएसएमई, स्टार्टअप, निर्माताओं, निर्यातकों और युवा उद्यमियों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यापारी बिजनेस डेलीगेट के रूप में अपना निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण शीघ्र कराकर यात्रा एवं होटल की अग्रिम बुकिंग सुनिश्चित करें, ताकि इस ऐतिहासिक व्यापारिक आयोजन का पूरा लाभ उठाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button