वेल्थ एक्सपो 2026 में दिग्गजों की राय — सुरक्षित देश और सही मूल्य ही असली दौलत की नींव

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा जीतो सूरत द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वेल्थ एक्सपो 2026 के प्रथम दिन निवेश, वैश्विक राजनीति और जीवन मूल्यों पर देश के प्रमुख विशेषज्ञों और उद्योगपतियों ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में शहर के निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग जगत से जुड़े बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
जियो-पॉलिटिकल एक्सपर्ट और Axis Mutual Fund के पूर्व सीबीओ करण दत्ता ने वैश्विक अर्थव्यवस्था और निवेश के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में सेमीकंडक्टर चिप्स और रेयर अर्थ मेटल्स को लेकर विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की आर्थिक मजबूती और शेयर बाजार की स्थिरता उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा से सीधे जुड़ी होती है। उनके अनुसार दुनिया ग्लोबलाइजेशन से लोकलाइजेशन की ओर बढ़ रही है और सोच-समझकर किया गया निवेश आने वाले पांच वर्षों में बेहतर अवसर प्रदान कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में आतंकवाद केवल इतिहास का विषय बन सकता है और वैश्विक शांति की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं। कार्यक्रम में उनका परिचय कैपिटल कमेटी एडवाइजर केतन दलाल द्वारा कराया गया।
इस अवसर पर पद्मश्री सम्मानित उद्योगपति सवजीभाई ढोलकिया ने जीवन मूल्यों को असली संपत्ति बताते हुए कहा कि केवल धन अर्जित करना सफलता नहीं है। व्यक्ति को ज्ञान, स्वास्थ्य, समय और व्यक्तित्व विकास में भी निवेश करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पैसा और प्रसिद्धि परिणाम मात्र हैं, जबकि वास्तविक संपत्ति सकारात्मक सोच, आत्मविकास और संतुलित जीवन दृष्टि है। उन्होंने उपस्थित जनों को मुस्कान और सकारात्मकता के साथ जीवन जीने का संदेश दिया।
वेल्थ एक्सपो के पहले दिन निवेश जागरूकता और जीवन दर्शन का समन्वित संदेश देखने को मिला।




