
सूरत। शहर के गोडादरा स्थित सालासर टेक्सटाइल मार्केट के एक कपड़ा व्यापारी के साथ 18.16 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। व्यापारी की शिकायत पर गोडादरा पुलिस ने मुंबई की एक फर्म के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पर्वत पाटिया क्षेत्र स्वस्तिक पार्क निवासी विक्रमभाई नरेंद्रभाई अग्रवाल ने गोडादरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी पत्नी अंजू अग्रवाल के नाम से गोडादरा स्थित सालासर टेक्सटाइल मार्केट में “अंजली क्रिएशन” नाम से कपड़े का कारोबार है और वे पावर ऑफ अटॉर्नी धारक के रूप में दुकान का संचालन करते हैं।
शिकायत में बताया गया है कि अप्रैल-2025 में मुंबई निवासी अजयकुमार सर्वदियो रास्तोगी अपनी “साक्षी स्टाइल क्रिएशन” फर्म के नाम से व्यापारिक संपर्क करने सूरत आया था। उसके साथ महेंद्र उर्फ महेश जैन और कृष्णा गुप्ता भी थे, जिन्होंने खुद को दलाल बताते हुए अजयकुमार की बाजार में अच्छी प्रतिष्ठा होने तथा समय पर भुगतान करने वाली पार्टी होने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने कहा कि यदि किसी प्रकार की भुगतान संबंधी समस्या आएगी तो उसकी जिम्मेदारी वे स्वयं लेंगे।
शुरुआत में अजयकुमार ने करीब 8.98 लाख रुपये के कपड़े का ऑर्डर दिया था, लेकिन भुगतान नहीं आने पर ऑर्डर रद्द कर दिया गया। बाद में आरोपियों ने दोबारा भरोसा दिलाते हुए 3 अप्रैल 2025 से 17 अप्रैल 2025 के बीच अलग-अलग बिलों के जरिए करीब 32.82 लाख रुपये का कपड़ा खरीदा। आरोप है कि आरोपियों ने कुल 14.66 लाख रुपये का भुगतान किया और बाकी 18.16 लाख रुपये का भुगतान टालते रहे।
फरियादी के मुताबिक, बार-बार भुगतान मांगने पर आरोपी कभी बाजार में मंदी, कभी पैसों की तंगी का बहाना बनाते रहे। बाद में तीनों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। व्यापारी जब मुंबई जाकर मिला तब भी आरोपियों ने केवल आश्वासन देकर समय निकाल दिया।
जांच के दौरान फरियादी को जानकारी मिली कि आरोपियों के खिलाफ सूरत, अहमदाबाद और महाराष्ट्र के कोल्हापुर में भी धोखाधड़ी और विश्वासघात के मामले दर्ज हैं। इसके बाद व्यापारी को शक हुआ कि तीनों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से व्यापारियों को निशाना बनाया और पहले आंशिक भुगतान कर भरोसा जीतने के बाद बड़ी रकम का माल लेकर भुगतान रोक दिया।
पुलिस ने अजयकुमार सर्वदियो रास्तोगी, महेंद्र उर्फ महेश जैन और कृष्णा गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पीएसआई एस. जे. कोतवाल कर रहे है।




