कोयम्बतूर में तेरापंथ महिला मंडल का संगठनात्मक कार्यक्रम सम्पन्न

कोयम्बतूर। गांधी पार्क स्थित तेरापंथ भवन में आज अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की तमिलनाडु-केरल प्रांत प्रभारी अनीता बरडिया एवं शालिनी लुंकड़ संगठन यात्रा के तहत कोयम्बतूर पहुंचीं। इस अवसर पर महिला मंडल की बहनों ने कुमकुम तिलक एवं जैन ध्वज के खेस पहनाकर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य श्री महाश्रमण की सुशिष्या साध्वीश्री सिद्धप्रभा जी के सानिध्य में नवकार मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात महिला मंडल की बहनों ने सुमधुर मंगलाचरण एवं मंडल गीत की प्रस्तुति दी।
महिला मंडल की अध्यक्ष रुपकला भंडारी ने उपस्थित अतिथियों एवं मंडल सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। शालिनी लुंकड़ ने अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं अनीता बरडिया ने उपस्थित बहनों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया।साध्वीश्री सिद्धप्रभा जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में महिला मंडल की बहनों को आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कोयम्बतूर महिला मंडल द्वारा भावना चौका हेतु अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल को अनुदान भी प्रदान किया गया।कार्यक्रम का कुशल संचालन सहमंत्री वंदना पारख ने किया तथा मंडल की मंत्री रेखा मरोठी ने आभार ज्ञापन व्यक्त किया।




