businessTextileसूरत सिटी

 फोस्टा की बड़ी पहल: मार्केटों में आगजनी रोकने के लिए शुरू हुआ विद्युत सुरक्षा अभियान

टोरेंट पावर अधिकारियों और लाइसेंस होल्डर इलेक्ट्रिशियनों के साथ बैठक, दुकानों में अतिरिक्त विद्युत लोड बना चिंता का कारण

सूरत। शहर की विभिन्न टेक्सटाइल मार्केटों में पिछले कुछ समय से लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में फोस्टा द्वारा टोरेंट पावर के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित कर विद्युत सुरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य रूप से यह बात सामने आई कि कई दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्वीकृत क्षमता से अधिक विद्युत लोड का उपयोग किया जा रहा है, जिसके कारण शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।

इसी विषय को ध्यान में रखते हुए फोस्टा ने टोरेंट पावर के लाइसेंस होल्डर इलेक्ट्रिशियनों के साथ भी विशेष मीटिंग आयोजित की। बैठक में मार्केटों में विद्युत सुरक्षा को लेकर व्यापारियों के बीच जागरूकता फैलाने और समय-समय पर इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच कराने पर जोर दिया गया।व्यापारियों को जागरूक करने और एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करने के उद्देश्य से फोस्टा ने अपने कार्यालय का विद्युत लोड भी चेक करवाया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर तत्काल विद्युत लोड बढ़वाया, जो अब सफलतापूर्वक बढ़ चुका है।

फोस्टा ने बताया कि आने वाले समय में यह जागरूकता अभियान शहर की सभी मार्केटों में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, ताकि विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button