भारत में 75% अभिभावक 16 साल से कम बच्चों पर सोशल मीडिया बैन के पक्ष में
ब्रिटेन की Varkey Foundation के वैश्विक सर्वे में खुलासा, मलेशिया के बाद भारत दूसरे स्थान पर

लंदन। 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने को लेकर भारत में बड़ा समर्थन सामने आया है। ब्रिटेन की शिक्षा से जुड़ी चैरिटी संस्था Varkey Foundation द्वारा जारी वैश्विक शोध के अनुसार भारत के 75% अभिभावक इस तरह के प्रतिबंध के पक्ष में हैं। इस सूची में मलेशिया 77% के साथ पहले स्थान पर है, जबकि भारत दूसरे स्थान पर रहा।
यह रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है जब आस्ट्रेलिया ने हाल ही में 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लागू किया है और अन्य देश भी इस दिशा में कदम बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार भारत में जनरेशन Z के 73% युवाओं ने भी इस प्रतिबंध का समर्थन किया है, जो सर्वे में शामिल सभी देशों में सबसे अधिक है। अध्ययन में भारत सहित अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जापान, केन्या, मलेशिया, नाइजीरिया, स्वीडन, यूएई, यूके और अमेरिका को शामिल किया गया था।
जहां मलेशिया, भारत और फ्रांस इस प्रतिबंध के सबसे बड़े समर्थक हैं, वहीं जापान में केवल 38% अभिभावक ही इसके पक्ष में हैं, जो इस सूची में सबसे कम है।



