
सूरत साइबर सेल की कार्रवाई
सूरत। सस्ते दर पर एयर टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर देशभर के ट्रैवल एजेंटों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। हुमायूं कबीर नामक आरोपी, जो बेंगलुरु में ट्रैवल एजेंसी चलाता था, को सूरत साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके साथी ने मिलकर करीब 22.25 करोड़ रुपये की ठगी की है।
मामले की शुरुआत सूरत के उत्राण क्षेत्र स्थित सिल्वर ट्रेड सेंटर में “एडवांस हॉलिडेज” नाम से ट्रैवल एजेंसी चलाने वाले नितिन मकवाना की शिकायत से हुई। उनके यहां काम करने वाले सेल्स मैनेजर ने कम कीमत में टिकट उपलब्ध कराने वाले संपर्क के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद मकवाना ने बेंगलुरु की “फ्लाइट फुल्यू ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड” से 45 टिकट बुक कराए और 8.17 लाख रुपये का भुगतान किया।
हालांकि, भुगतान के बाद भेजे गए सभी एयर टिकट फर्जी निकले। जब पैसे वापस मांगे गए तो आरोपियों ने केवल 50 हजार रुपये लौटाए और शेष 7.67 लाख रुपये हड़प लिए। इसके बाद पीड़ित ने सूरत साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मुस्तफिजुर रहमान के साथ मिलकर यह फर्जीवाड़ा कर रहा था। दोनों ने सस्ती टिकट का लालच देकर देशभर के ट्रैवल एजेंटों को निशाना बनाया।
आरोपी हुमायूं कबीर पेशे से बीएएमएस डॉक्टर है, लेकिन उसने मेडिकल क्षेत्र छोड़कर ट्रैवल एजेंसी का काम शुरू किया और बाद में इसी के जरिए ठगी का नेटवर्क खड़ा कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि इस गिरोह द्वारा 29 बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर जांच करने पर इन खातों से जुड़े 23 मामलों का खुलासा हुआ, जिनमें कुल 22.25 करोड़ रुपये की ठगी सामने आई। वहीं, जिस खाते में सूरत के एजेंट से पैसे लिए गए थे, उससे जुड़े 7.20 करोड़ रुपये की ठगी के 8 मामले दर्ज पाए गए।
फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके फरार साथी मुस्तफिजुर रहमान की तलाश जारी है।




