businessक्राइमसूरत सिटी

पुणा ट्रांसपोर्ट से 7.61 लाख रुपये के पार्सल की हेराफेरी मामले में दो गिरफ्तार

मिलीभगत से चोरी किए गए पार्सल सस्ते दामों पर बेचे गए: चोरी का माल खरीदने वाले डेनिश गंदम और विशाल मिश्रा गिरफ्तार, कर्मचारी अरविंद वर्मा व साथी फरार

सूरत। पुणागाम क्षेत्र स्थित आयोविल टेक्नोलॉजीज प्रा. लि. में डिलीवरी के लिए आए 7.61 लाख रुपये मूल्य के साड़ी तथा लेडीज़–जेंट्स कुर्तियों के पार्सल चोरी कर सस्ते दामों में बेचने के मामले में वराछा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कंपनी का कर्मचारी अरविंद वर्मा और उसका साथी घटना के बाद से फरार है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पांडेसरा–बमरोली रोड स्थित गणपत नगर सोसायटी, ओम साईं अपार्टमेंट में रहने वाले भूपेन्द्रकुमार ओमप्रकाश मिश्रा की पुणागाम–उमरवाड़ा स्थित अवध टेक्सटाइल मार्केट के पीछे अनिल डाइंग कंपाउंड में आयोविल टेक्नोलॉजीज प्रा. लि. की ऑफिस है। कंपनी ऑनलाइन मीशो पोर्टल के ऑर्डर के अनुसार टेम्पो के माध्यम से पार्सल की डिलीवरी करती है, जिसमें सात कर्मचारी कार्यरत हैं।
दिनांक 05/01/26 को डिलीवरी पर तैनात कर्मचारी अरविंद रामटहल वर्मा ने अपने साथी के साथ मिलकर 7,61,992 रुपये मूल्य के साड़ी और लेडीज़–जेंट्स कुर्तियों के 15 पार्सल (कुल 1453 पीस) चोरी कर लिए। ऑनलाइन पोर्टल से टेम्पो किराए पर लेकर यह माल उमरवाड़ा न्यू बॉम्बे मार्केट के एक व्यापारी को सस्ते दामों पर बेच दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर ऑफिस के हब इंचार्ज आयुष ओमनारायण दुबे ने संचालक भूपेन्द्रकुमार मिश्रा के साथ जांच शुरू की। न्यू बॉम्बे मार्केट के पार्किंग क्षेत्र में डिलीवरी की गतिविधि सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई, जिसके आधार पर वराछा पुलिस स्टेशन में कर्मचारी अरविंद वर्मा और उसके साथी के खिलाफ बीएनएस की धारा 306 व 54 के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच अधिकारी पीएसआई वी. ए. चौधरी ने फुटेज के आधार पर चोरी का माल खरीदने वाले विशाल ब्रह्मदेव मिश्रा (उम्र 22, निवासी डिंडोली, सूरत; मूल निवासी जौनपुर, यूपी) और डेनिश बाबूभाई गंदम (उम्र 22, निवासी डिंडोली, सूरत; मूल निवासी हैदराबाद) को गिरफ्तार किया। मामले में धारा 317(2) जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button