गुजरात में ब्रह्मा कुमारीज़ का डायमंड जुबली ईयर: 23 नवंबर को 500 से अधिक केंद्रों पर शांति यात्रा

अहमदाबाद। प्रजापिता ब्रह्मा कुमारीज़ ईश्वरीय विश्व विद्यालय, गुजरात ज़ोन अपनी ईश्वरीय सेवा के 60 वर्ष पूर्ण होने पर वर्ष 2025 को डायमंड जुबली ईयर के रूप में मना रहा है। इसी उपलक्ष्य में रविवार, 23 नवंबर 2025 को “बिलियन मिनट्स ऑफ़ पीस अपील” प्रोजेक्ट के तहत पूरे गुजरात में एक विशाल शांति यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश के 500 से अधिक सर्विस सेंटर्स एक ही दिन और एक ही समय पर शांति मार्च का आयोजन करेंगे।
संस्था के अनुसार, इस शांति यात्रा में सफेद वस्त्रधारी सैकड़ों राजयोगी भाई-बहन शांति दूत बनकर शामिल होंगे और मौन के मंत्र के साथ शांतिपूर्ण वाइब्रेशन फैलाएंगे। संदेश यही है कि शांति आत्मा का मूल धर्म है और यही मानवता की सर्वोत्तम संस्कृति भी है।शांति मार्च का उद्देश्य समाज में शांति के प्रति आकर्षण बढ़ाना, लोगों को शांत मन और शांत जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा परिवार और समुदाय में शांति का वातावरण स्थापित करना है। संस्था का मानना है कि यदि व्यक्ति स्वयं शांत होगा, तो वही शांति आगे समाज और दुनिया तक पहुँचेगी।
गुजरात ज़ोन द्वारा कहा गया कि सभी नागरिक अपने-अपने शहर, कस्बे और गांव में निकाली जाने वाली इस शांति यात्रा का स्वागत कर शांति का दान दें और ईश्वरीय सेवा में सहभागी बनें। उल्लेखनीय है कि “बिलियन मिनट्स ऑफ़ पीस अपील” प्रोजेक्ट 24 अक्टूबर, UN डे को शुरू किया गया था और यह 21 दिसंबर 2025 तक चलेगा।संस्था ने जनता से अपील की है कि वे शांति दान का संकल्प लें और निकटतम ब्रह्मा कुमारीज़ सर्विस सेंटर पर जाकर अपने प्रार्थना/मेडिटेशन मिनट्स दर्ज कर इस वैश्विक पहल के भागीदार बनें।




