
सूरत।सूरत के अलथाण क्षेत्र में रहने वाले कपड़ा व्यापारी संजयकुमार त्रिकमचंदजी बुचा और उनके परिचितों को शेयर बाज़ार में निवेश कराने के नाम पर 15.23 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच की इकोसेल में दर्ज शिकायत के अनुसार इस गोटाले में दिल्ली निवासी सुनील नरेन्द्रकुमार भंडारी और उसका पुत्र प्रांजल भंडारी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, 17 अक्टूबर 2022 को भंडारी पिता-पुत्र अलथाण स्थित रतावीरा अपार्टमेंट में रहने वाले संजयकुमार बुचा के घर पहुंचे थे। उन्होंने बुचा को यह विश्वास दिलाया कि उनकी पहचान शेयर मार्केट में लिस्टेड कंपनियों के डायरैक्टरों और मालिकों से है और यदि वे तथा उनके परिचित निवेश करेंगे तो उन्हें अच्छा मुनाफ़ा मिलेगा।
अगले ही दिन, 18 अक्टूबर 2022 को उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के अंबाला स्थित एमके प्रोटीन्स लिमिटेड कंपनी के डायरैक्टर विनोदकुमार से उनकी गहरी जान-पहचान है और वे इस कंपनी के शेयरों का संचालन करते हैं। कंपनी से जुड़े गोपनीय दस्तावेज़ भी दिखाकर उन्होंने मुनाफ़ा कमाने का लालच दिया और बुचा का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उन्होंने बुचा से कहा कि जितने भी आपके परिचित हों, उन्हें बुला लीजिए ताकि सबको एक साथ निवेश की जानकारी दी जा सके।
संजयकुमार बुचा ने अपने 16 परिचितों को बुलाया। इसके बाद भंडारी पिता-पुत्र ने सबको समझाया कि यदि वे सभी मिलकर एमके प्रोटीन्स लिमिटेड कंपनी के शेयरों में छह महीने के लिए 20 से 25 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे तो भारी मुनाफ़ा होगा, जिसमें से 10 प्रतिशत दलाली उन्हें देनी होगी। उनकी बातों में आकर संजयकुमार बुचा और उनके 16 परिचितों ने कुल 27.96 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया।
लेकिन इसके बाद भंडारी पिता-पुत्र ने शेयर ऊँचे दाम पर बेचकर खुद मुनाफ़ा कमा लिया और निवेशकों की करीब 15.23 करोड़ रुपये से अधिक की रकम डुबा दी। जब निवेशकों ने पैसे की वापसी की मांग की तो दोनों आरोपियों ने टालमटोल करते हुए भुगतान करने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, एजेंट के रूप में 50 लाख रुपये का कमीशन भी उन्होंने खुद ले लिया।
इस धोखाधड़ी के दौरान निवेशकों को गाली-गलौज और धमकी भी दी गई। अंततः संजयकुमार बुचा ने क्राइम ब्रांच की इकोसेल में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने भंडारी पिता-पुत्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की जांच इकोसेल के पीआई जी. एम. हडिया द्वारा की जा रही है।




