प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा सूरत महानगर की बैठक, 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ के कार्यक्रम तय

सूरत। प्रधानमंत्री एवं विश्वनेता नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को होने वाले जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी सूरत महानगर द्वारा एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर भाजपा गुजरात प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल का सफल पांच वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा सूरत महानगर अध्यक्ष परेश पटेल द्वारा सम्मान किया गया।
श्री पाटिल ने बताया कि कोरोना काल के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने न केवल कैंप आयोजित किए बल्कि जनता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाई। कुपोषित बच्चों के लिए किट वितरण कर लगभग तीन लाख बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने, दिव्यांगजनों को साधन उपलब्ध कराने और विधवा बहनों को आजीवन पेंशन उपलब्ध कराने जैसे कार्य किए गए।]

उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े में पर्यावरण संरक्षण के तहत एक पेड़ मां के नाम अभियान के रूप में वृक्षारोपण, जल संरक्षण हेतु वाटर हार्वेस्टिंग पर जनजागृति, वोकल फॉर लोकल के अंतर्गत स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संकल्प और रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सांसद खेल महोत्सव के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ भी होंगी।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर करमसद से 150 किलोमीटर की पदयात्रा आयोजित की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित भव्य नाटक कार्यकर्ताओं को दिखाया जाएगा। 17 सितंबर को उनके जीवन पर आधारित “चलो जीते हैं” नामक 30 मिनट का शो राजहंस ग्रुप द्वारा मुफ्त प्रदर्शित किया जाएगा, इसके बाद लगभग 3000 थिएटरों में 12000 शो आयोजित होंगे।
बैठक में गुजरात सरकार के मंत्री कुंवरजीभाई हलपती, सूरत महानगर प्रभारी शीतलबेन सोनी, महापौर दक्षेशभाई मावाणी, स्थायी समिति अध्यक्ष राजनभाई पटेल, डिप्टी मेयर डॉ. नरेंद्र पाटिल, शासक दल की नेता शशिबेन त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष भाविनीबेन पटेल सहित अनेक विधायक, पूर्व अध्यक्ष, पूर्व विधायक, पार्षद, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे




