businessTextileक्राइमसूरत सिटी

राधा माधव मार्केट के व्यापारी की दुकान में नौकरी करने वाले रिश्तेदार ने 26 लाख रुपये की साड़ियां बेच कर हुआ फरार

मीत फैशन हब के मालिक जयप्रकाश शर्मा ने राजस्थान के दीपक शर्मा को नौकरी पर रखकर भरोसा किया, लेकिन उसी ने धोखा दे दिया

सूरत। गोडादरा स्थित राधामाधव मार्केट के एक व्यापारी को रिश्तेदार को नौकरी पर रखना भारी पड़ गया। व्यापारी ने भरोसा करके दुकान के स्टॉक और डिलीवरी का काम सौंपा था, लेकिन कर्मचारी बने रिश्तेदार ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर 26.91 लाख रुपये कीमत की साड़ियां चोरी-छिपे बेच डालीं। मामले का खुलासा तब हुआ जब चोरी की साड़ियों की डिलीवरी देने गया टेम्पो चालक अपना किराया लेने व्यापारी के पास पहुंचा। इसके बाद व्यापारी ने गोडादरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोडादरा के रघुनंदन रो-हाउस निवासी जयप्रकाश उर्फ अमित अंजनीकुमार शर्मा (उम्र 40 वर्ष) गोडादरा स्थित राधामाधव मार्केट में “मीत फैशन हब” नाम से साड़ी का व्यापार करते हैं। जून 2025 में उन्होंने अपने रिश्तेदार दीपक विनोदकुमार शर्मा निवासी आनंद स्कीम, हाथोज, जोतवाड़ा, जिला जयपुर (राजस्थान) को दुकान में नौकरी पर रखा था। दीपक को माल की डिलीवरी, पैकिंग और जॉबवर्क के लिए भेजे जाने वाले साड़ी के माल का हिसाब रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।
पिछले वर्ष अक्टूबर महीने में दिवाली से पहले दीपक ने गांव जाने के लिए छुट्टी मांगी थी। तब व्यापारी जयप्रकाश ने उसे स्टॉक क्लियर करके जाने को कहा था। लेकिन दीपक बिना स्टॉक का हिसाब दिए और मालिक को बताए बिना 16 अक्टूबर 2025 को सूरत छोड़कर राजस्थान भाग गया।
दिवाली की छुट्टियों के बाद जब मार्केट दोबारा खुला तो एक टेम्पो चालक हिरेन 9,600 रुपये किराया लेने दुकान पर पहुंचा। उसने बताया कि दीपक शर्मा के कहने पर उसने साई आशाराम मार्केट और रोहित मार्केट के अलग-अलग व्यापारियों को साड़ियों का माल पहुंचाया था। व्यापारी जयप्रकाश ने जब अपने बिलों की जांच की तो पता चला कि उन्होंने किसी भी व्यापारी को जीएसटी बिल पर ऐसा कोई माल नहीं दिया था।
शक होने पर स्टॉक की गिनती कराई गई, जिसमें कुल 6,625 साड़ियों के पीस कम पाए गए। इनकी कीमत करीब 26.91 लाख रुपये थी। व्यापारी ने जब दीपक को फोन किया तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और बाद में नंबर ब्लॉक कर दिया।
आगे जांच में सामने आया कि दीपक शर्मा ने परवत पाटिया क्षेत्र के रतिरंग पैलेस निवासी मोहित सावरमल हल्दनिया के साथ मिलकर यह धोखाधड़ी की थी। मोहित बाजार में अलग-अलग व्यापारियों को साड़ियों के सैंपल दिखाकर ऑर्डर लाता था और दीपक दुकान से बिना बिल के साड़ियां बेचकर नकद रकम लाता था। बाद में दोनों आपस में पैसे बांट लेते थे।
फिलहाल गोडादरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button