
सूरत।भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष सुधार कार्यक्रम के अंतर्गत सूरत जिले में आगामी 15-16 नवंबर (शनिवार-रविवार) तथा 22-23 नवंबर (शनिवार-रविवार) को विशेष मतदाता शिविरों का आयोजन किया जाएगा।यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी ने दी।
उन्होंने बताया कि इन तिथियों पर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। मतदाता अपने संबंधित बूथ पर जाकर नाम जुड़वाने, पते या विवरण में सुधार कराने, मतदाता मैपिंग और लिंकिंग जैसी कार्यवाही कर सकेंगे।कार्यक्रम के अंतर्गत 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म बाँट और भरवाकर प्राप्त कर रहे हैं। यदि किसी मतदाता को फॉर्म नहीं मिला हो या जमा न किया गया हो, तो वह अब इन विशेष शिविरों में अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
जिला प्रशासन ने बताया कि शिविरों में बीएलओ मतदाताओं को यह भी मार्गदर्शन देंगे कि यदि मतदाता या उनके माता-पिता/दादा-दादी का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो पहचान के प्रमाण स्वरूप कौन-से दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
डॉ. पारधी ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र अवश्य जाएँ और सटीक मतदाता सूची के लिए आवश्यक सुधार कार्य करवाएँ।
उन्होंने कहा कि –> “लोकतंत्र की मजबूती सटीक मतदाता सूची पर निर्भर है। हर पात्र नागरिक को अपने नाम की जांच और सुधार करवाना चाहिए।”




