
सूरत। सारोली डीएमडी लॉजिस्टिक पार्क स्थित मेक फैब्रिक फर्म के व्यापारी से अहमदाबाद के दो दलालों और चार व्यापारियों द्वारा 11.47 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनीषभाई देवराजभाई लाठिया, जो सारोली स्थित डी.एम.डी. लॉजिस्टिक पार्क की दुकान नं. ए/202 में मेक फैब्रिक नाम से कपड़े का व्यापार करते हैं और मोटा वराछा एबीसी सर्कल स्थित आलोक रेजीडेंसी में रहते हैं, को अहमदाबाद के दो दलालों ने कपड़े का माल मंगवाकर भुगतान नहीं किया।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार खोडियार एजेंसी के दलाल निखिल प्रजापति और विनायक एजेंसी के दलाल नवीन अडवाणी के जरिए अहमदाबाद के चार व्यापारियों—के. ज्योति फर्म के हितेश प्रकाशलाल गंगलानी, मातरानी ट्रेडर्स के नरेश पंजाबी, कमल क्रिएशन के निर्मल करमचंद बलानी और श्री श्याम ट्रेडर्स के विजय मताई—ने 6 मार्च 2025 से 23 मार्च 2025 के बीच कुल 11,47,567 रुपये का कपड़ा उठाया।
नियत समय पर भुगतान न करने और बार-बार उधारी मांगने के बावजूद टालमटोल करने पर अंततः व्यापारी मनीषभाई लाठिया ने सोमवार को सारोली पुलिस थाने में दोनों दलालों और चारों व्यापारियों सहित छह आरोपियों के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 316(5) और 54 के तहत शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच पीएसआई एस.आर.राणा कर रहे हैं।




