राजस्थान फाउण्डेशन सूरत चैप्टर की प्रथम बैठक सम्पन्न
राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आगामी 8 अक्टूबर को सूरत आगमन एवं उनके कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा

सूरत। राजस्थान फाउण्डेशन सूरत चैप्टर की पहली बैठक माहेश्वरी सेवा सदन के बोर्ड रूम में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत फाउण्डेशन के परिचय के साथ हुई, जहां अध्यक्ष श्याम राठी ने सभी सदस्यों का स्वागत किया।
बैठक में राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आगामी 8 अक्टूबर को सूरत आगमन एवं उनके कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। इसी दौरान राजस्थान फाउण्डेशन की नि:शुल्क सदस्यता हेतु लिंक जारी की गई, जिसे सभी प्रवासी राजस्थानी बंधुओं को भरने का निवेदन किया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि राजस्थान सरकार द्वारा प्रवासी राजस्थानी सम्मान पुरस्कारों की घोषणा की गई है। यह पुरस्कार पहली बार प्रवासी राजस्थान दिवस पर 10 दिसंबर 2025 को जयपुर में प्रदान किए जाएंगे। इसमें मातृभूमि में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रवासी राजस्थानियों एवं उनकी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर दिनेश राजपुरोहित ने फाउण्डेशन की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में जगदीश परिहार, घनश्याम सेवग, विक्रमसिंह शेखावत, पांचाराम डाढीया, संजय बोथरा, बसंत खेतान, अजीतसिंह राजपुरोहित, रुगाराम सीरवी, महेश पुंगलिया, सुनील बाहेती, श्रवण सुथार, गौतम हालावाला, लक्ष्मीनारायण प्रजापत, रामावतार पारीक और रत्नलाल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।



