नवसारी बाढ़ पीड़ितों के बीच खेमानी वेलफेयर फाउंडेशन ने बांटी राशन किट, 150 परिवारों को मिली राहत

नवसारी। हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बुधवार को खेमानी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा नवसारी के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 150 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित कर राहत पहुंचाई गई। जिन परिवारों तक अभी सहायता नहीं पहुंच सकी है, उनका सर्वे कर जल्द राशन किट उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।
राहत अभियान में फाउंडेशन के चेयरमैन विजयभाई खेमानी, ट्रस्टी अविनाश खेमानी, सूरत मानव सेवा संघ (छांयडौ) की ओर से राजेंद्र गौतम तथा सिविल सेवा मंडली के सहयोगी कार्यकर्ता अरुण अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, विशाल अग्रवाल और पवन जैन सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर कार्यालय की ओर से मनोजभाई देवी पूजक अपने होमगार्ड स्टाफ के साथ मौजूद रहे और शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से राहत सामग्री का वितरण कराया।
बाढ़ के कारण निचले इलाकों में रहने वाले अनेक परिवारों के घरों में पानी भर गया, जिससे उनका राशन, घरेलू सामान और आवश्यक वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। ऐसे कठिन समय में खेमानी वेलफेयर फाउंडेशन ने जरूरतमंदों तक खाद्य सामग्री पहुंचाकर मानव सेवा का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि सूरत के मिलेनियम मार्केट-1 पुल के नीचे, कमेला पुलिस चौकी के सामने प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक लगभग 300 से 400 जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क भोजन सेवा भी लगातार संचालित की जा रही है। यह सेवा समाज के कमजोर वर्गों के लिए निरंतर राहत का कार्य कर रही है।



