
सूरत। खटोदरा स्थित जय हनुमान इंडस्ट्रीज एस्टेट में संचालित जय गिरनारी क्रिएशन की महिला संचालिका के साथ उनके अकाउंटेंट द्वारा 93.23 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कर्मचारी ने व्यापारी की जानकारी के बिना बैंक खातों से लाखों रुपये निकाल लिए और ग्राहकों से प्राप्त बिक्री की रकम भी अपने पास रख ली।
पुलिस के अनुसार, सरथाणा योगी चौक स्थित तिरुपति सोसायटी निवासी कृष्णाबेन हार्दिकभाई वाडोदरिया उधना-मगदल्ला रोड स्थित जय हनुमान इंडस्ट्रीज एस्टेट के प्लॉट नंबर-14 में ‘जय गिरनारी क्रिएशन’ नाम से पोजिशन प्रिंटिंग एवं एम्ब्रॉयडरी जॉबवर्क का व्यवसाय करती हैं।
करीब दो वर्षों से उनके यहां कार्यरत केतन अशोककुमार खत्री, निवासी विनायक नगर रेजीडेंसी, डींडोली, कंपनी का अकाउंट, बिलिंग और ग्राहकों से भुगतान वसूली का कार्य संभालता था।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 1 मार्च 2024 से 12 फरवरी 2026 के बीच व्यापारी की जानकारी के बिना स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक के खातों से कुल 26.05 लाख रुपये निकाल लिए। इसके अलावा विभिन्न व्यापारियों से बिक्री के बिलों के एवज में प्राप्त 50,08,898 रुपये भी जमा नहीं कराए। इस तरह आरोपी ने कुल 93,23,898 रुपये का गबन कर लिया।
मामले का खुलासा होने पर कृष्णाबेन वाडोदरिया ने खटोदरा पुलिस थाने में कर्मचारी केतन अशोककुमार खत्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) के तहत शिकायत दर्ज कराई है।
खटोदरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पीएसआई आर. जी. रावल कर रहे हैं। पुलिस आरोपी की वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और हड़पी गई रकम के उपयोग की भी जांच कर रही है।




