महेश्वरी महिला मंडल का दो दिवसीय ‘संगिनी मेला’ 5 अगस्त से, देशभर के शहरों से आएंगे प्रदर्शन
मेले की आय शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सेवा कार्यों में होगी उपयोग, जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क स्टॉल की सुविधा
सूरत। महेश्वरी महिला मंडल के तत्वावधान में 5 एवं 6 अगस्त को महेश्वरी भवन, सिटीलाइट में दो दिवसीय ‘संगिनी मेला’ आयोजित किया जाएगा। मंडल की अध्यक्षा जयश्री भराड़िया ने बताया कि मेले का शुभारंभ 5 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे होगा।
उन्होंने बताया कि पिछले 25 वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह मेला शहरवासियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा है। इस वर्ष भी मेले में मुंबई, कोलकाता, जयपुर, अहमदाबाद, भावनगर एवं जोधपुर सहित देश के विभिन्न शहरों से आए व्यापारी अपनी आकर्षक स्टॉल लगाएंगे।
मेले में डिजाइनर राखियाँ, लड्डू गोपाल की पोशाकें, सिल्क एवं पटोला साड़ियाँ, डिजाइनर सूट-कुर्तियाँ, वेस्टर्न आउटफिट, ज्वेलरी, इमिटेशन ज्वेलरी, गिफ्ट आइटम, गृह उपयोगी वस्तुएँ, चादरें सहित अनेक आकर्षक एवं उपयोगी उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।
महेश्वरी महिला मंडल सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए प्रत्येक वर्ष कुछ स्टॉल जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराता है, जिससे उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सके। मेले से प्राप्त आय का उपयोग शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों में किया जाता है।
मंडल की सचिव प्रीति मालु ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पधारें, खरीदारी करें और इस सामाजिक सेवा अभियान में अपनी सहभागिता निभाएं।



