businessTextileसूरत सिटी

अत्यधिक बारिश के चलते ITR की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ाने की मांग

टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड ने वित्त मंत्री और CBDT अध्यक्ष को भेजा ज्ञापन, करदाताओं को राहत देने का किया आग्रह

सूरत। सूरत सहित पूरे गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट के बीच टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के आयकर रिटर्न (आईटीआर-1 एवं आईटीआर-2) दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। ब्रिगेड के अध्यक्ष ललित बी. शर्मा ने इस संबंध में केंद्रीय वित्त मंत्री एवं केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के अध्यक्ष को ज्ञापन भेजकर कम से कम 15 दिनों का समय बढ़ाने का अनुरोध किया है।

ज्ञापन में बताया गया है कि प्रदेश के कई क्षेत्रों, विशेषकर सूरत के निचले और खाड़ी क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है तथा आवागमन और व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। ऐसे हालात में करदाताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए समय पर आयकर रिटर्न दाखिल करना बेहद कठिन हो गया है।

ललित बी. शर्मा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आईटीआर-1 एवं आईटीआर-2 दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में अनेक कार्यालयों का कार्य प्रभावित है और कई कर्मचारी भी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों के कारण कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे समय पर रिटर्न दाखिल नहीं कर पाने वाले करदाताओं पर अनावश्यक लेट फीस और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

टेक्सटाइल युवा ब्रिगेड ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि वर्तमान प्राकृतिक परिस्थितियों को देखते हुए करदाताओं के हित में आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि कम से कम 15 दिनों के लिए बढ़ाई जाए, ताकि सभी करदाता बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के अपना रिटर्न समय पर दाखिल कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button