
सूरत। अक्सर कई करदाताओं (टैक्सपेयर्स) की यह धारणा होती है कि यदि उनकी आय शून्य है या उन पर कोई आयकर देय नहीं बनता, तो आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की आवश्यकता नहीं है। जबकि आयकर नियमों के अनुसार कई ऐसी परिस्थितियां हैं, जिनमें टैक्स देय न होने या आय कम होने के बावजूद भी ITR दाखिल करना आवश्यक और लाभदायक होता है।
विशेषज्ञों के अनुसार यदि किसी व्यक्ति के नाम पर टीडीएस (TDS) कटा है और उसका रिफंड प्राप्त करना है, तो ITR दाखिल करना अनिवार्य है। इसके अलावा भविष्य में बैंक लोन, होम लोन, वीजा, सरकारी टेंडर, क्रेडिट कार्ड या अन्य वित्तीय कार्यों के लिए आय का प्रमाण प्रस्तुत करने में भी ITR महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में काम आता है।
यदि किसी करदाता को पिछले वर्षों के कैपिटल लॉस (Capital Loss) को आगामी वर्षों में समायोजित (Carry Forward) करना है, तो समय पर ITR दाखिल करना आवश्यक होता है। समय पर रिटर्न भरने से भविष्य में किसी भी वित्तीय प्रक्रिया के दौरान आय संबंधी प्रमाण उपलब्ध कराने में आसानी रहती है।
कर विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही किसी व्यक्ति पर आयकर देय न बनता हो, फिर भी समय सीमा के भीतर ITR दाखिल करना एक अच्छी वित्तीय आदत है। इससे व्यक्ति की वित्तीय विश्वसनीयता मजबूत होती है और बैंक, वित्तीय संस्थानों तथा सरकारी एजेंसियों के समक्ष उसकी प्रोफाइल बेहतर बनती है। साथ ही यदि अतिरिक्त TDS कटा है, तो उसका रिफंड भी केवल ITR दाखिल करने पर ही प्राप्त किया जा सकता है।
विशेषज्ञों ने करदाताओं से अपील की है कि केवल “इनकम जीरो है” या “टैक्स नहीं बनता” जैसी धारणा के आधार पर ITR दाखिल करने से बचें। समय पर आयकर रिटर्न दाखिल करना भविष्य के वित्तीय हितों की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।



