गौ सम्मान आह्वान अभियान के समर्थन में कपड़ा बाजार में निकली जनजागृति रैली
27 जुलाई को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन देने का किया आह्वान, 22 जुलाई को महिलाओं का मेहंदी कार्यक्रम होगा आयोजित

सूरत। गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत 27 जुलाई को अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को सूरत के कपड़ा बाजार क्षेत्र में भव्य जनजागृति रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से व्यापारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों से अभियान में शामिल होकर गौ संरक्षण के समर्थन में आवाज बुलंद करने का आह्वान किया गया।
अभियान से जुड़े अरुण पाटोदिया ने बताया कि 27 जुलाई को देशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इससे पूर्व सभी गौभक्त विजय मंत्र का सामूहिक कीर्तन करेंगे। उन्होंने बताया कि सूरत में इस अवसर पर जगद्गुरु द्वाराचार्य अग्र मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्रदास जी देवाचार्य महाराज का भी आगमन होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य गौमाता को उचित सम्मान दिलाना तथा भारत को गौवध के कलंक से मुक्त कराने के लिए सरकार तक जनभावना पहुंचाना है।
जनजागृति रैली सिल्क सिटी मार्केट से प्रारंभ होकर मिलेनियम मार्केट, सूरत टेक्सटाइल मार्केट, राधाकृष्ण टेक्सटाइल मार्केट, एनटीएम, सहारा दरवाजा एवं सालासर मार्ग से होते हुए पुनः सिल्क सिटी मार्केट पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने बाजार के व्यापारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों से 27 जुलाई को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अभियान का समर्थन करने की अपील की।
ललित शर्मा, ओमप्रकाश केला एवं शंभु सिंह दरबार ने बताया कि अभियान के तहत 22 जुलाई को गोडादरा स्थित बाबोसा मंदिर में महिलाओं के लिए विशेष मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक गिरधारी सिंह राजपुरोहित रहेंगे। इस दौरान महिलाएं अपने हाथों में मेहंदी रचाकर गौ संरक्षण का संदेश देंगी तथा 27 जुलाई के कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता के लिए जनजागरण करेंगी।
रघुवीर सिंह, रामचंद्र स्वामी एवं नैनाराम गुर्जर ने सभी गौभक्तों से 22 जुलाई से शुरू होने वाले अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा 27 जुलाई को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर गौ सम्मान आह्वान अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।




