
एसटीएम चुनावी माहौल गरमाया, प्रचार अभियान तेज, मतदान व्यवस्था चाक-चौबंद
सूरत। सूरत टेक्सटाइल मार्केट को-ऑपरेटिव शॉप्स एंड वेयर हाउस सोसायटी लिमिटेड (एसटीएम) के आगामी चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं। 18 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले बाजार का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। दोनों प्रमुख पैनल – एकता पैनल और प्रगति पैनल – मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए दिन-रात प्रचार में जुटे हुए हैं।
एसटीएम की 21 सदस्यीय प्रबंधन समिति के लिए होने वाले चुनाव में दो महिला उम्मीदवार तथा अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) वर्ग के एकमात्र उम्मीदवार के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद अब सामान्य वर्ग की 17 सीटों के लिए सीधा मुकाबला होना है। ऐसे में दोनों पैनलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

वहीं दूसरी ओर, फोस्टा के पूर्व डायरेक्टर रंगनाथ सारड़ा के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरे प्रगति पैनल ने भी जोरदार प्रचार अभियान चलाया। प्रगति पैनल के उम्मीदवारों ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मार्केट के विकास और नई सोच के लिए इस बार नई टीम को अवसर दिया जाए।

मतदान में अब केवल दो दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में दोनों पैनलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बाजार में लगातार बैठकों, व्यक्तिगत संपर्क, जनसंपर्क अभियानों और रणनीतिक चर्चाओं का दौर जारी है। चुनावी समीकरणों को लेकर व्यापारियों के बीच भी काफी उत्सुकता बनी हुई है और इस बार मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है।
इस बीच, प्रगति पैनल द्वारा चुनाव स्थल बदलने की मांग किए जाने के बाद चुनाव समिति ने पार्किंग एवं टेरेस सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण समिति ने अब मार्केट के ग्राउंड फ्लोर स्थित परिसर में मतदान कराने का निर्णय लिया है।
चुनाव समिति के अनुसार मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी, सुरक्षा व्यवस्था, पंखे-कूलर तथा बाहर से बुलाए गए अनुभवी विशेषज्ञों की टीम तैनात रहेगी, ताकि मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
अब सभी की निगाहें 18 जुलाई को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि सूरत टेक्सटाइल मार्केट की कमान एक बार फिर अनुभवी टीम के हाथों में जाएगी या फिर व्यापारी नई सोच और नई टीम को मौका देंगे। चुनावी माहौल को देखते हुए इस बार एसटीएम चुनाव को लेकर व्यापारिक जगत में खासा उत्साह और रोमांच देखने को मिल रहा है।


