महावीर इंटरनेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के नए सेवा कार्यालय का शुभारंभ

सूरत। महावीर इंटरनेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट, मुख्य शाखा–सूरत के नए सेवा कार्यालय का भव्य उद्घाटन रविवार को वेसु स्थित टाइम्स स्क्वायर में हुआ। समारोह में संस्था के करीब 150 से अधिक वीर, वीराओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संस्था के अध्यक्ष वीर सीए दिनेश जैन, सचिव वीर नरेश ललवानी और कोषाध्यक्ष वीर सीए राजेश मालू ने बताया कि ट्रस्ट पिछले 28 वर्षों से सूरत में चिकित्सा शिविर, नेत्र जांच, भोजन वितरण, शिक्षा सहायता, कौशल विकास और अन्य जनसेवा कार्य संचालित कर रहा है। नए स्थायी सेवा कार्यालय के शुरू होने से सेवा गतिविधियों का दायरा और अधिक व्यापक एवं प्रभावी होगा।
समारोह में ट्रस्टी, अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारी, गुजरात जोन के पदाधिकारी सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सूरत महानगरपालिका के जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। समारोह का समापन सेवा, सहयोग और मानव कल्याण के संकल्प के साथ हुआ।




