सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

तेरापंथ महिला मंडल पर्वत पाटिया की वार्षिक साधारण सभा संपन्न, वर्षभर की गतिविधियों का प्रस्तुत किया गया प्रतिवेदन

सूरत। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार तेरापंथ महिला मंडल, पर्वत पाटिया द्वारा सोमवार को तेरापंथ भवन में वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। इसके पश्चात युवती बहनों ने प्रेरणादायी गीत के माध्यम से मंगलाचरण प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक एवं प्रेरणामयी बना दिया।

सभा में कार्यकारिणी सदस्य चेष्टा कदमावलिया ने पिछली बैठक की कार्यवाही का वाचन किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पारित किया। परामर्शक अंजू धाकड़ ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया, जबकि पूर्व अध्यक्ष ललिता पारख ने मंडल के संविधान का वाचन करते हुए कहा कि प्रत्येक सदस्य को संविधान की जानकारी होना आवश्यक है।

मंडल अध्यक्ष सुमन बैद ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए वर्षभर मिले प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मंत्री मधु झाबक ने वर्षभर में मंडल द्वारा आयोजित धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कन्या मंडल की ओर से “मर्यादा क्या है” विषय पर प्रभावशाली शब्द-चित्र प्रस्तुत किया गया। वहीं कोषाध्यक्ष मधु सिंघी ने मंडल का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। कन्या मंडल संयोजिका तमन्ना सिसोदिया ने कन्या मंडल की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर मंडल की मजबूत नींव रखने वाली सभी पूर्व अध्यक्षों का सम्मान किया गया। साथ ही ‘नारी लोक’ भरने वाली बहनों तथा एकल गायन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री मधु झाबक ने आभार व्यक्त किया, जबकि संपूर्ण कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन कार्यकारिणी सदस्य पिंकी महनोत ने किया। वार्षिक साधारण सभा में बड़ी संख्या में बहनों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button