
अहमदाबाद। अहमदाबाद के कालूपुर के एक कपड़ा व्यापारी के साथ 35 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठग ने व्यापारी के बेंगलुरु निवासी मित्र का नाम लेकर तमिलनाडु में रहने वाले उसके भाई को फोन किया और मुंबई में तत्काल पैसों की जरूरत बताकर आंगड़िया के माध्यम से 35 लाख रुपये मंगवा लिए। तय समय पर रकम वापस नहीं मिलने पर सच्चाई सामने आई और पीड़ित व्यापारी ने ओढव पुलिस थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान निवासी तथा वर्तमान में ओढव निवासी आशाराम चौधरी (44) कालूपुर में कपड़े का व्यापार करते हैं। उनके भाई जोराराम तमलनाडु में साड़ियों का व्यवसाय करते हैं, जबकि उनके मित्र रमेश कोटड़ा बेंगलुरु में कपड़े के कारोबारी हैं। तीनों के बीच व्यापारिक लेन-देन अक्सर आंगड़िया सेवा के माध्यम से होता रहता है।
गत फरवरी में जोराराम के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को रमेश कोटड़ा बताते हुए कहा कि उसका पुराना नंबर बंद हो गया है और वह नए नंबर से बात कर रहा है। उसने दावा किया कि आशाराम से उसकी बात हो चुकी है तथा मुंबई के कालबादेवी रोड स्थित शांति गली की एक आंगड़िया पेढ़ी में तत्काल 35 लाख रुपये भेजने की जरूरत है। साथ ही भरोसा दिलाया कि दो घंटे के भीतर पूरी रकम वापस पहुंचा दी जाएगी।
व्यापारी के भाई ने विश्वास कर आंगड़िया के जरिए 35 लाख रुपये भेज दिए। लेकिन दो घंटे बाद भी रकम वापस नहीं आई। इसके बाद आशाराम ने जब अपने मित्र रमेश कोटड़ा से संपर्क किया तो पता चला कि उन्होंने ऐसा कोई फोन नहीं किया था। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ समय से उनके नाम का दुरुपयोग कर इस तरह की ठगी की घटनाएं की जा रही हैं।
रुपये वापस पाने के सभी प्रयास विफल रहने पर आशाराम चौधरी ने ओढव पुलिस थाने में अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर, आंगड़िया लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
…




