
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा ) के कार्यालय में भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के नेशनल जूट बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर बिश्वनाथ भंसाली का शुभेच्छा मुलाकात के लिए आगमन हुआ। इस अवसर पर फोस्टा के पदाधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए जूट उद्योग एवं वस्त्र व्यापार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
फोस्टा के अध्यक्ष हंसराज जैन एवं डायरेक्टरों ने बिश्वनाथ भंसाली का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। बैठक में सूरत के वस्त्र उद्योग, जूट उत्पादों के बढ़ते उपयोग, पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग को बढ़ावा देने तथा वस्त्र व्यापार से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान बिश्वनाथ भंसाली ने नेशनल जूट बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास के लिए जूट आधारित उत्पादों का उपयोग समय की आवश्यकता है। उन्होंने व्यापारियों से जूट उत्पादों को अधिक से अधिक अपनाने का आह्वान किया। साथ ही सूरत में जूट उद्योग एवं जूट उत्पादों के व्यापार के विस्तार, प्रचार-प्रसार और नए व्यावसायिक अवसरों के सृजन की संभावनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में फोस्टा के प्रतिनिधियों ने सूरत के कपड़ा व्यापार एवं उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया तथा भविष्य में व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नेशनल जूट बोर्ड और फोस्टा के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें दोनों संस्थाओं ने उद्योग के सतत विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।




