
सूरत | इच्छापोर क्षेत्र में कपड़ा व्यापार से जुड़े वीवर के साथ धोखाधड़ी के मामला सामने आया है। सारोली स्थित संगिनी ट्रेड सेंटर में कार्यरत माहिरा फैब्रिक्स के व्यापारी द्वारा इच्छापोर के वीवर से ग्रे कपड़ा खरीदकर 30.40 लाख रुपये का भुगतान नहीं करने और दुकान बंद कर फरार होने पर इस संबंध में इच्छापोर पुलिस थाने में ठगी व विश्वासघात का मामला दर्ज हुआ है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रांदेर-पालनपुर गौरव पथ रोड स्थित राजहंस स्टेडियम रेसिडेंसी में रहने वाले समीर दलपतभाई बारोट इच्छापोर हजीरा रोड पर आर.जे.डी. टेक्सटाइल पार्क स्थित गेल भवानी क्रिएशन प्रा. लि. में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी के लिए लूम्स में बने ग्रे कपड़े के सैंपल दिखाकर ऑर्डर प्राप्त करने और माल की आपूर्ति का कार्य वे करते थे।
मई 2025 में सारोली कुम्भारिया रोड स्थित संगिनी ट्रेड सेंटर, छठी मंजिल की दुकान नंबर 6016 में माहिरा फैब्रिक्स के व्यापारी विक्रमसिंह राठोड़ से संपर्क हुआ। सैंपल पसंद आने पर व्यापारी ने 9 जून 2025 से 24 जुलाई 2025 के बीच ग्रे कपड़े का माल खरीदा। इसके एवज में कुल 30,40,669 की राशि बकाया रहे थे।
बकाया पेमेंट का बार-बार भुगतान का आश्वासन देकर समय टालने के बाद व्यापारी ने अचानक अपनी दुकान बंद कर दी और मोबाइल फोन उठाना भी बंद कर दिया। अंततः पीड़ित मैनेजर समीर बारोट ने इच्छापोर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विक्रमसिंह राठोड़ के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पीएसआई के.पी. जाडेजा कर रहे हैं।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




