खाड़ी सफाई एवं ड्रेनेज प्रोजेक्ट की मंत्री प्रफुल पानसेरिया और मेयर ने की समीक्षा
प्री-मानसून कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

सूरत। आगामी मानसून को देखते हुए सूरत महानगरपालिका द्वारा शहरभर में प्री-मानसून कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। मानसून के दौरान निचले क्षेत्रों में खाड़ी में आने वाली बाढ़ से नागरिकों को होने वाली परेशानी को स्थायी रूप से दूर करने के उद्देश्य से गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुलभाई पानसेरिया तथा सूरत की मेयर मायाबेन मावाणी ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
मंत्री पानसेरिया ने “मेरा क्षेत्र, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत पुना क्षेत्र स्थित भगवती सोसायटी में एम्फीबियस एक्सकेवेटर मशीन से चल रही खाड़ी सफाई और निर्माणाधीन ड्रेनेज बॉक्स परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्री-मानसून कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि खाड़ी में आने वाली बाढ़ सूरतवासियों के लिए एक गंभीर समस्या है, इसलिए नागरिकों को जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएं। मंत्री के स्वयं स्थल पर पहुंचकर समीक्षा करने से प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली में तेजी आई है।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि सुरेश धामेलिया, विशाल राठौड़, जगदीश सुतारिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कॉरपोरेटर एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।



