businessTextileगुजरातसूरत सिटी

क्रूड ऑयल सस्ता होते ही नायरा एनर्जी ने दी राहत, पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर हुआ सस्ता

1 जुलाई से नई दरें लागू, सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल कीमतों में नहीं किया कोई बदलाव

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में आई गिरावट का फायदा अब भारतीय उपभोक्ताओं को मिलने लगा है। निजी क्षेत्र की प्रमुख ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की कमी की है। नई कीमतें 1 जुलाई से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। यह पिछले दो वर्षों से अधिक समय में ईंधन की कीमतों में सबसे बड़ी कटौती मानी जा रही है।

कंपनी के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट आने से यह राहत संभव हुई है। प्रमुख समुद्री व्यापार मार्ग फिर से सामान्य होने के कारण कच्चे तेल और एलएनजी की वैश्विक आपूर्ति में सुधार हुआ है, जिससे तेल की कीमतों पर दबाव कम हुआ है।

नायरा एनर्जी ने अपने देशभर के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर नई कीमतें लागू कर दी हैं। हालांकि, विभिन्न राज्यों में वैट (VAT) और स्थानीय करों के कारण खुदरा कीमतों में कुछ अंतर हो सकता है।

गुजरात से जुड़ा बड़ा कनेक्शन यह है कि नायरा एनर्जी गुजरात के वाडीनार में प्रतिवर्ष लगभग 2 करोड़ टन क्षमता वाली रिफाइनरी संचालित करती है। मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद यह रिफाइनरी अब पूरी क्षमता से ईंधन की आपूर्ति कर रही है।

वहीं, देश की सरकारी तेल कंपनियां इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। दिल्ली में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की पुरानी कीमत पर ही उपलब्ध है।

गौरतलब है कि मार्च में ईरान संकट के दौरान नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था। अब कंपनी ने वही बढ़ोतरी पूरी तरह वापस ले ली है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में सरकारी तेल कंपनियां भी ईंधन के दाम घटाने पर विचार कर सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button